ईडी ने कसा सपा सांसद आजम पर शिकंजा 

रामपुर।  
मेदांता अस्पताल में उपचाराधीन सपा सांसद आजम खां पर प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कस दिया है। ईडी ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के लिए जमीन की खरीद-फरोख्त और नियमों की अनदेखी से संबंधित मामलों की बिंदुवार रिपोर्ट जिला प्रशासन से तलब की है। 

सपा सांसद आजम खां पर कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। धोखाधड़ी में सीतापुर की जेल में सवा साल से बंद आजम खां पर पूर्व में ईडी ने मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था। जिसकी जांच अब तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय ने पांच बिंदुओं पर डीएम से रिपोर्ट और संबंधित अभिलेख मांगे हैं। इस संबंध में ईडी के डिप्टी डायरेक्टर अमित कुमार मिश्रा की ओर से डीएम को पत्र लिखा गया है। जिसमें मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के चांसलर मोहम्मद आजम खां और उनकी ट्रस्ट की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी चाही है। साथ ही जौहर ट्रस्ट और जौहर विवि पर क्या कार्रवाई की गई है, उस बारे में भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने जौहर विवि द्वारा अधिग्रहीत की गई जमीन और अधिग्रहण के दौरान नियमों की किस तरह अनदेखी की गई, इस पर भी जानकारी चाही है। इस संबंध में सरकार ने जमीन वापस लेने के संबंध में जो भी आदेश जारी किए हैं, उस बावत भी जानकारी मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *