WI vs SA: जॉर्ज लिंडे के आगे पस्त हुए कैरेबियाई बल्लेबाज

ग्रेनाडा
इन दिनों मेजबान वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का दूसरा मैच ग्रेनाडा में खेला गया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पलटवार करते हुए वेस्टइंडीज को 16 रनों से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका को मैच जिताने में जॉर्ज लिंडे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दूसरे टी-20 में जीत के साथ मेहमान टीम ने 1-1 की बराबरी कर ली। इससे पहले इसी मैदान पर खेले गए पहले मैच में वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से शिकस्त दी थी।

सेंट जॉर्ज के ग्रेनाडा में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। बल्लेबाजी करने उतरी प्रोटियाज टीम ने बेहतरीन शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स और क्विंटन डि कॉक ने पहले विेकेट के लिए 73 रन जोड़े। डि कॉक 26 रन बनाकर आउट हुए वहीं हेंड्रिक्स के बल्ले से 42 रनों की पारी निकली।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टेंबा बवूमा ने हाथ खोले और वह 46 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके बाद मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने आए साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने ज्यादातर निराश किया। मिलर 11, डुसेन 2, क्लासेन 10 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इस तरह साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन बना पाई। वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट ओबेड मैकॉय ने लिए। वहीं केविन सिंक्लेयर ने 2 खिलाड़ियों को आउट किया।

167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 31 रनों पर गिर गया। इविन लुईस 21 रन बनाकर आउट हुए। आंद्रे फ्लेचर ने एक बार फिर जमने की कोशिश की लेकिन वह 35 रनों पर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए क्रिस गेल कोई करिश्मा नहीं कर पाए और 8 रन बनाकर चलते बने।

मध्यक्रम में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का तू चल मैं आता हूं वाला हाल रहा। साउथ अफ्रीका की कसी गेंदबाजी के आगे वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कोई धमाल नहीं कर सके। कैरेबियन टीम के मिडिल ऑर्डर पर नजर डालें तो निकोलस पूरन 9, कीरोन पोलार्ड 1, आंद्रे रसेल 5 ही बना पाए। इस दौरान फाबियन एलन और जेसन होल्डर ने टीम को जिताने की भरसक कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। फाबियन 34 रन बनाकर आउट हुए वहीं होल्डर ने 20 रनों की पारी खेली।

इस तरह वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 150 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से तूफानी गेंदबाजी करते हुए कागिसो रबाडा ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। जबकि जॉर्ज लिंडे ने कसी गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 19 रन देकर 2 खिलाड़ियों को आउट किया। लिंडे को मैच में शानदार बॉलिंग करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *