7 से 16 जुलाई 2021 तक जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में मनाया जाएगा वजन त्यौहार
कवर्धा
मुख्यमंत्री सुपोषण मिशन के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वजन त्यौहार का आयोजन संपूर्ण छत्तीसगढ़ में 7 से 16 जुलाई 2021 तक किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार इस दौरान संपूर्ण जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों द्वारा लगभग 80 हजार बच्चों का वजन लिया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी ने बताया कि कुपोषण की स्थिति के आंकलन के लिए नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों में प्रतिमाह 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों का वजन कर वृद्वि निगरानी पंजी में अंकन कर पोषण स्तर ज्ञात किया जाता है। पोषण स्तर ज्ञात करने की प्रक्रिया तकनीकी प्रवृत्ति की है, जिसमें त्रुटि रहित जानकारी के लिए बच्चों की जन्ततिथि, सही वजन लिया जाना, ग्रोथ चार्ट में उचित तरीके से प्लॉट किया जाना अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में मासिक प्रगति प्रतिवेदनों से प्राप्त हो रहे आॅकड़ों के अनुसार कुल सर्वेक्षित बच्चों में से लगभग 70 से 80 प्रतिशत बच्चों का प्रतिमाह वजन लिया जाकर पोषण स्तर ज्ञात किया जा रहा है। अत: मासिक प्रगति प्रतिवेदन अनुसार पोषण स्तर के आंकड़ें सैम्पलिंग से प्राप्त आंकड़ों से भिन्न रहते हैं। उक्त बातों का ध्यान रखते हुये वर्ष 2012 से प्रदेश के समस्त 05 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर के आंकलन हेतु अर्थात् सर्वे हेतु वजन त्यौहार आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत एक निर्धारित तिथि में बच्चों का वजन लिया जाकर आॅनलाईन सॉफ्टवेयर में डाटा एन्ट्री कर पोषण स्तर ज्ञात किया जाता है।
