शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध: सिसोदिया
दिल्ली
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ बेहतर खेल सुविधाएं देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। सिसोदिया ने शनिवार को लगातार चौथे दिन दिल्ली सरकार के कई स्कूलों का दौरा किया और वहां जारी निमार्ण गतिविधियों का जायजा लिया।
उन्होंने जीजीएसएसएस कोहाट इन्क्लेव का दौरा कर वहां अधिकारियों को एक स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स बनाने के निर्देश दिया और जल्द से जल्द स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का डिज़ाइन तैयार करने का आदेश दिया। इस स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में स्विमिंग पूल, टेनिस कोर्ट एवं बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे जिसका उपयोग स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ आस-पास के इलाकों के बच्चे भी कर पाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के 36० डिग्री विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी बेहद ज़रूरी है। दिल्ली सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ बेहतर खेल सुविधाएं देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार अपने स्कूलों के मूलभूत ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के साथ-साथ उसमें वर्ल्ड-क्लास खेल सुविधाओं को भी विकसित कर रही है ताकि हमारे बच्चों को बेहतर खेल-सुविधाएं और प्रशिक्षण मिल सके और वो देश के लिए मेडल लाकर देश का नाम रौशन करे।
