बिल सही कराने के नाम पर 50 हजार रुपये ली रिश्वत 

लखनऊ
 लेसा के नादरगंज उपकेंद्र में शनिवार को एक महिला ने बिजलीकर्मी पर बिल को सही कराने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। पीड़ित महिला ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें कर्मचारी उससे रुपये ले रहा है। महिला के मुताबिक बिल सही कराने के लिए आठ महीने से कार्यालय के चक्कर काट रही थी। महिला ने विभाग में आरोपी कर्मचारी के साथ एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की लिखित शिकायत की, जिसके बाद मध्यांचल निगम के एमडी सूर्यपाल गंगवार के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता ने आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया। आरोपी कर्मचारी 30 जून को रिटायर होने वाला है। 

नादरगंज के गिंदनखेड़ा आनंद विहार निवासी अनामिका भारती का घरेलू कनेक्शन था। महिला के मुताबिक पिछले एक साल से उसका गलत बिल आ रहा था। जिसके बाद उसने विभाग के सेवानिवृत्त लाइनमैन हबीब से संपर्क किया। हबीब ने बिल को दुरुस्त कराने का आश्वासन देकर उससे 10 हजार रुपये की डिमांड की। महिला ने बताया कि उसने दो बार हबीब को 10-10 हजार रुपये दिए। साथ ही कार्यालय सहायक जितेन्द्र शुक्ला को भी दो बार में 30 हजार रुपये दिए। इसके बावजूद पीड़िता के बिल को कोरोना कर्फ्यू का हवाला देकर सही नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *