देश का पहला दिव्यांग स्टेडियम लखनऊ में तैयार, सीएम अगले माह करेंगे लोकार्पण
लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने जाने जा रही है। राजधानी लखनऊ में शकुंतला मिश्रा दिव्यांग पुर्नवास विश्वविद्यालय में दिव्यांगों के लिए खास तौर पर एक भव्य स्टेडियम तैयार हो गया है। अगले महीने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसका लोकार्पण करवाया जाएगा।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अमित कुमार सिंह का दावा है कि पूरे भारत में खासतौर पर सिर्फ दिव्यांगों के लिए यह अपनी तरह का पहला स्टेडियम होगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में दिव्यांगों के लिए पैरा ओलम्पिक, दिव्यांगों के लिए एशियाड जैसे अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन भी हो सकते हैं। इसमें बैडमिंटन, बास्केटबाल, कुश्ती के अलावा जिम व एथलेटिक्स ट्रैक भी बनाया गया है। स्टेडियम में फुटबाल के मैच भी खेल सकेंगे। रात में खेल के लिए फ्लड लाईट्स भी लगायी गयी हैं। खेल के आयोजनों के लाइव प्रसारण भी होंगे।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि लखनऊ में दिव्यांगों के लिए मेडिकल कालेज बनवाया जाएगा। मेडिकल कालेज में दिव्यांगता आने के कारणों पर शोध और अध्ययन तो होगा ही साथ ही दिव्यांगों का समुचित उपचार भी होगा। मेडिकल कालेज के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
