WTC के दूसरे एडिशन में इस बदलाव को चाहते हैं 1983 का वर्ल्ड कप जिताने वाले मोहिंदर अमरनाथ

 नई दिल्ली 
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और 1983 में वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले मोहिंदर अमरनाथ का मानना है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को अगले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) एडिशन के लिए न्यूट्रल क्यूरेटर रखने चाहिए। अमरनाथ ने कहा कि जिस तरह से अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट मैच दो दिन में समाप्त हो गया था, उसे निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा, 'आपको अच्छी पिच पर खेलना चाहिए। जब आप अच्छी पिचों पर खेलते हैं तो फिर यह मायने नहीं रखता कि आप कहां खेल रहे हो। तब यह एक उचित प्रतिस्पर्धा होगी।'
 
अमरनाथ ने कहा कि, 'आईसीसी ने जिस तरह से न्यूट्रल अंपायरों का पैनल बनाया है उसी तरह से न्यूट्रल क्यूरेटर का पैनल भी तैयार करना चाहिए। इस टीम को आईसीसी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। उसे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मैच पांचवें दिन तक जाए।' यदि भारत और न्यूजीलैंड के बीच डब्ल्यूटीसी फाइनल ड्रॉ या टाई रह जाता तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाता। अमरनाथ का मानना है कि यह एक अन्य पहलू है जिसे आईसीसी को अगले एडिशन में बदलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *