कोविड का टीका लगवाकर खुद और परिवार को कोरोना महामारी से बचाने में होंगे कामयाब

भोपाल

सीहोर जिले के ग्राम दुर्गाव के 93 वर्षीय बुजुर्ग हजारीलाल ने कोविड का टीका लगवा लिया है। उन्होंने बताया कि गाँव में आये कुछ लोगों के दल ने बताया कि कोरोना महामारी से बचने के लिये कोविड का टीका लगवाना जरूरी है। तब मैंने सारे काम छोड़कर घर वालों के साथ टीकाकरण केन्द्र पहुँचकर कोविड का टीका लगवा लिया है। उन्होंने कहा कि जान है, तो जहान है। पहले इस महामारी से बचना जरूरी है।

जन-अभियान परिषद की टीम जन-जागरूकता के लिये गाँव पहुँची तो हजारीलाल खेत में मिल गये। उन्होंने बताया कि टीके से कोई परेशानी नहीं है, टीका लगवाकर मैं आपके सामने काम कर रहा हूँ।

हजारीलाल ने बताया कि अब कोविड टीके को लेकर न कोई भ्राँति है न कोई भ्रम है। प्रदेश के लाखों लोगों ने कोविड का टीका लगवाया है, किसी को कोई परेशानी नहीं हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी कोविड का टीका लगवाकर खुद को, परिवार को और देश-प्रदेश को कोरोना महामारी से बचायें। इस समय कोविड टीकाकरण का महा-अभियान चल रहा है। इस अभियान के दौरान युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी कोविड का टीका लगवा रहे हैं। सुबह से ही टीकाकरण केन्द्रों में लम्बी कतारें देखी जा सकती हैं। टीकाकरण को लेकर नागरिकों के उत्साह और सक्रिय भागीदारी से यह निश्चित है कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के साथ ही कोरोना को पूरी तरह समाप्त करने में कामयाब होंगे।

कोरोना वैक्सीन घर पर ही लगवाकर प्रसन्न हुईं श्रीमती गीता बाई एवं बसंती बाई

टीकाकरण महा-अभियान में शुजालपुर के वार्ड क्रमांक-19 निवासी श्रीमती गीता बाई एवं श्रीमती बसंती बाई को मोबाइल वैन से घर पर ही कोरोना वैक्सीन लगी, इससे वह बहुत प्रसन्न हैं। वृद्ध होने के कारण दोनों ही टीकाकरण केन्द्र नहीं जा पा रही थीं।

जिला प्रशासन द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों का घर पर ही वैक्सीनेशन करने के लिये मोबाइल साइट बनाई गई थी। इन मोबाइल साइट के माध्यम से दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को घर पर ही वैक्सीन लगाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *