पटना में  भी पेट्रोल की कीमत 100 के पार पहुंची 

 पटना 
राजधानी पटना में पेट्रोल की कीमत सौ रुपए लीटर से ज्यादा हो गई। इससे आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ा है। शनिवार सुबह छह बजे से कीमत में 34 पैसों की बढ़ोतरी हुई और यह 99.80 रुपये से बढ़कर 100.14 रुपये प्रतिलीटर हो गया। इसके साथ ही हैदराबाद, बेंगलुरु, भोपाल, मुंबई और जयपुर के साथ पटना में भी पेट्रोल की कीमत सौ रुपये प्रतिलीटर से ज्यादा हो गई है। 

यहां पेट्रोल चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता से भी महंगा है। चेन्नई में शुक्रवार को जहां पेट्रोल की कीमत 98.88 रुपये, कोलकाता में 97.63 रुपये और दिल्ली में 97.76 रुपये प्रतिलीटर रही वहीं पटना में पेट्रोल 99.80 रुपये प्रतिलीटर था। जून में पटना के पेट्रोल कीमतों में 14 बार बढ़ोतरी हो चुकी है। पहली जून को पटना में पेट्रोल की कीमत 96.67 रुपये प्रतिलीटर थी। इस तरह 25 दिनों में पेट्रोल की कीमत में 3.47 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। हर बार पेट्रोल की कीमतों में 24 पैसा से लेकर 28 पैसा के बीच बढ़ोतरी की गई है।

72 दिन से नहीं घटी हैं कीमतें
पेट्रोल और डीजल की कीमतें बीते 72 दिनों से नहीं घटी हैं। 15 अप्रैल को पिछली बार पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम हुई थीं। इस दिन पेट्रोल की कीमत में15 पैसे और डीजल की कीमत में 14 पैसों की कमी आयी थी। तब पटना में पेट्रोल की कीमत 92.87 रुपये से घटकर 92.72 रुपये प्रतिलीटर और डीजल की कीमत 86.10 रुपये से घटकर 85.96 रुपये प्रतिलीटर हुआ था। इसके बाद से लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *