मास्क ना लगाने पर बैंक में गार्ड ने युवक को मारी गोली, बहस होने पर बढ़ा झगड़ा
बरेली
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मास्क न लगाने पर गार्ड ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। दरअसल, शहर की एक बैंक ऑफ बड़ोदा शाखा में एक युवक बिना मास्क के दाखिल हो गया। इस दौरान वहां मौजूद गार्ड से उसकी बहस शुरू हो गई तो गार्ड ने गोली मार दी। घायल व्यक्ति को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जबकि आरोपी गार्ड को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बरेली में थाना कोतवाली क्षेत्र में बैंक आफ बड़ौदा में तैनात सुरक्षा गार्ड केशव और पीड़ित राजेश के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी, जिसके बाद गार्ड ने राजेश की जांघ में गोली मार दी। पीड़ित राजेश की पत्नी का आरोप है कि राजेश पहले बिना मास्क के बैंक गए थे, जिस पर गार्ड ने उनसे मास्क लगाकर आने को कहा। हालांकि, जब राजेश मास्क लगाकर बैंक पहुंचे तो दोनों के बीच बहस हो गई।
इसके अलावा राजेश की पत्नी ने बताया कि जब मेरे पति मास्क लगाकर दोबारा पहुंचे तो गार्ड ने अंदर नहीं जाने दिया और कहा कि लंच का समय है। गार्ड ने उन्हें धक्का दिया और पैर में गोली मार दी। गार्ड कह रहा था कि मैं सीने में गोली मारने वाला था, वो तो बस पैर में ही मारी।"
