विदेशी पैसे का लालच देकर कोई धर्मांतरण करेगा तो होगी कठोर कार्रवाई: केशव प्रसाद मौर्या

मिर्जापुर
कोई गुमराह करके, विदेशी पैसे का लालच देकर धर्मांतरण करेगा तो यूपी कोई चारागाह नहीं है जो चरते रहेंगे। उन पर कठोर करवाई की जाएगी। यह बात उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को मिर्जापुर के जीआईसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।

जनसंख्या नियंत्रण कानून के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। कहा कि ना तो तुष्टीकरण की राजनीति होगी ना ही किसी के साथ भेदभाव किया जाएगा। यूपी के बंटवारे पर केशव मौर्य ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

आगामी ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के बारे में उप मुख्यमंत्री ने  कहा कि न घोड़ा दूर है न मैदान। जिसकी सीटें ज्यादा होंगी वही विजेता होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शानदार और जानदार संबंध है। मां विंध्यवासिनी के आशीर्वाद से बहुत अच्छा संबंध है।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या ने जीआईसी स्थित मैदान में मंडल के पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम की लगभग 500 करोड़ की 516 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं व विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मिर्जापुर दौरे के दौरान बृहस्पतिवार को मां विंध्यवासिनी  दरबार में मत्था टेका। विधिवत दर्शन पूजन के बाद आरती की। परिसर में मौजूद अन्य विग्रहों के समक्ष भी शीश नवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *