रीवा में वैक्सीनेशन प्रोत्साहन के लिए पुरस्कार योजना

रीवा
प्रदेश में वैक्सीनेशन को लेकर भ्रम दूर होने लगा है और दो अलग-अलग दिन में पहले 16.95 लाख और फिर कल 11.33 लाख लोगों ने वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर वैक्सीन लगवाई है वहीं विन्ध्य के प्रमुख जिले रीवा में इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। अब लोगों को प्रेरित करने के लिए जिला प्रशासन 15 हजार रुपए के पुरस्कार की योजना लेकर आया है। रीवा जिले में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को आगे लाने के लिए टीकाकरण प्रोत्साहन पुरस्कार प्रतियोगिता शुरू की गई है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले व्यक्ति को 15 हजार रुपए तथा दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले तीन प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपए देने के साथ चौथे और पांचवें पुरस्कार देने की भी तैयारी है। चौथे पुरस्कार के रूप में 10 लोगों को तीन-तीन हजार रुपए तथा पांचवें पुरस्कार के रूप में 20 प्रतिभागियों को दो-दो हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। रीवा जिले में टीकाकरण में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों के लिये यह प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि स्वास्थ्य विभाग तथा जिला रेडक्रास समिति से जुड़े लोग तथा उनके परिजन भाग नहीं ले सकते हैं।
 
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिये 21 जून से 5 जुलाई की अवधि में टीकाकरण महाअभियान में लोगों को प्रोत्साहित करके टीके लगवाना है। टीका लगवाने वाले व्यक्ति के प्रमाणपत्र को एमपी माई जीओवी पोर्टल पर अपलोड करना है। इसके लिए पोर्टल पर ‘वैक्सीन लगावा, कोरोना भगावा – रीवा का बचावा’ प्रतियोगिता एप पर अपलोड करना है।

स्वयंसेवक अथवा किसी भी व्यक्ति ने जिस व्यक्ति को प्रोत्साहित करके कोविड का टीका 21 जून से 5 जुलाई की अवधि में लगवाएगा, उसके प्रमाण पत्र रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर आएंगे। सर्वाधिक टीकाकरण कराने वाले व्यक्ति को पुरस्कार दिया जायेगा। पुरस्कार के संबंध में स्वास्थ्य विभाग की समिति 10 जुलाई को घोषणा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *