विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: किसी ने बल्ले तो किसी ने गेंद से किया कमाल
नई दिल्ली
न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को आठ विकेट से हराकर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का खिताब अपने नाम किया। डब्ल्यूटीसी में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किए। दो वर्ष के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में किसी ने बल्ले से तो किसी ने गेंद से कमाल किया।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस सीजन सबसे अधिक रन बनाने वालों की फेहरिस्त में मार्नस लाबुशेन शीर्ष पर हैं। इस बल्लेबाज ने इस दौरान 23 पारियों में 72.82 की औसत से 1675 रन बनाए। इस दौरान लाबुशेन के बल्ले से पांच शतक और नौ अर्धशतक निकले। वहीं, दूसरे नंबर पर जो रूट (1660 रन) जबकि तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ हैं, जिन्होंने 1341 रन बनाए।
टेस्ट चैंपियनशिप में इस सीजन में रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं। अश्विन ने 14 टेस्ट मैच की 26 पारियों में 20.33 की औसत से कुल 71 शिकार किए, जबकि पैट कमिंस (70) दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे नंबर पर 69 विकेट के साथ स्टुअर्ट ब्रॉड रहे।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर काइल जेमीसन ने सबसे अधिक 5 विकेट हॉल अपने नाम किए। जेमीसन ने साउथम्प्टन में खेले गए भारत के खिलाफ फाइनल मैच की पहली पारी में 5 विकेट चटकाए थे। साल 2020 में टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले जेमीसन ने अब तक आठ टेस्ट में 41 विकेट लिए हैं। उन्होंने इस दौरान 5 बार पांच विकेट हॉल अपने नाम किए हैं।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे अधिक कैच इंग्लैंड के कप्तान जो रूट के नाम है। रूट ने 20 मैचों में कुल 34 कैच लपके हैं। उनका एक मैच में तीन सर्वाधिक कैच लपकने का रिकॉर्ड है।
विश्व टेस्ट चैंपियिनशिप में में विकेट के पीछे सबसे ज्यादा शिकार ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने किए। उन्होंने 14 मैचों की 28 पारियों में सबसे ज्यादा 65 शिकार (63 कैच, 2 स्टंपिंग) किए।
