झारखंड में अनलॉक-4 गुरुवार 24 जून से शुरू

रांची

झारखंड में अनलॉक-4 गुरुवार 24 जून से शुरू हो रहा है। इसके लिए बुधवार को नए निर्देश जारी कर दिये गए। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका में फिलहाल कोई नई छूट नहीं दी गई है। एक जुलाई सुबह छह बजे तक पहले से लागू पाबंदियां ही जारी रहेंगी। राज्य में सभी दुकानों के साथ मॉल, डिपार्टमेंटल स्टोर शाम चार बजे तक ही खुलेंगे। वीकऐंड पर संपूर्ण लॉकडाउन शनिवार शाम चार बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक रहेगा। इस दौरान मेडिकल सेक्टर, पेट्रोल पंप, सीएनजी-एलपीजी और दूध के ऑउटलेट खोलने की अनुमति रहेगी। इस बारे में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की ओर से गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने बुधवार को आदेश जारी कर दिया है।   

वीकएंड लॉकडाउन के दौरान सभी दुकानें बंद रहेंगी, लेकिन स्वास्थ्य सेवा से संबंधित प्रतिष्ठान जैसे दवा दुकान, डायग्नोसिस्ट सेंटर, क्लीनिक, अस्पताल, दूध के स्टोर, पेट्रोल पंप, सीएनजी-एलपीजी ऑउटलेट खुले रहेंगे। रेस्तरां से होम डिलिवरी और टेक होम की सुविधा, राष्ट्रीय और स्टेट हाइवे वाले ढाबे, कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस, सामान की अनलोडिंग को भी छूट दी गई है।

एक जुलाई तक के लिए पाबंदियां और छूट :

  • -सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, थियेटर, असेंबली हॉल, बैंक्वेट हॉल, क्लब, बार बंद रहेंगे
  • -रेस्तरां केवल होम डिलिवरी और टेक होम सुविधा के लिए खुलेंगे। मेजबानी नहीं होगी
  • -होटल के अंदर बैंक्वेट हॉल में भी बैठाकर भोजन कराने पर प्रतिबंध
  • -सभी सरकारी एवं निजी कार्यालय 50 प्रतिशत मानव संसाधन के साथ शाम चार बजे तक खुल सकेंगे
  • -माल वाहनों का परिवहन निर्बाध रूप से चलता रहेगा
  • -धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे  
  • – 5 व्यक्ति से अधिक के इकठ्ठा होने पर प्रतिबंध रहेगा। शाम पांच से सुबह छह बजे के दौरान अनुमन्य गतिविधियों से संबंधित लोगों, अंतिम यात्रा में जाने वालों, रेल-हवाई यात्रियों और कोविड ड्यूटी से जुड़े लोग आवागमन कर सकेंगे।
  • – शादी घर या कोर्ट में ही अधिकतम 11 व्यक्तियों की मौजूदगी में होगी। शादी सार्वजनिक स्थान, बैंक्वेट-कम्युनिटी हॉल में नहीं होगी। लाउडस्पीकर, पटाखा की अनुमति नहीं। विवाह की तीन दिन पूर्व सूचना नजदीकी थाने में देनी होगी।
  • -अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 व्यक्ति शामिल हो सकेंगे।
  • – जुलूस पर रोक जारी रहेगी  
  •  समस्त शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन क्लास हो सकते हैं
  • -आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे पर लाभुकों को घर पर खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी जायेगी
  • -राज्य सरकार के सक्षम प्राधिकार की ओर से होने वाली परीक्षायें स्थगित रहेंगी  
  • – मेला और प्रदर्शनी पर रोक जारी रहेगी  
  • -स्टेडियम, जिम, स्विमिंग पूल और पार्क बंद रहेंगे  
  • -शहर और गांवों में सामाजिक दूरी का पालन करने पर ही लगेंगे हाट-बाजार
  • – बस परिवहन पर रोक जारी रहेगी। जिला प्रशासन, खनन और औद्योगिक कर्मियों के उपयोग वाली बसों को छूट
  • झारखंड आने पर सात दिन का होम क्वारंटाइन जरूरी
  • कुछ अपवाद को छोड़कर दूसरे राज्य से झारखंड आने वालों को 7 दिन का होम क्वारंटाइन अनिवार्य रखा गया है। जहाज, रेल, रोड से आने वालों को www.jharkhandtravel.nic.in पर एक दिन पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

होम क्वारंटाइन से छूट : यह वैसे व्यक्तियों पर लागू नहीं होगा जो 72 घंटे के अंदर राज्य से बाहर चले जाएंगे। एयरलाइंस के लोगों, राज्य से गुजरकर दूसरे राज्य को जाने वालों, केंद्र सरकार के ड्यूटी पर जाने वाले अधिकारियों, प्रतिदिन खनन, निर्माण, उद्योग, कृषि, मेडिकल केयर संबंधित गतिविधियों से जुड़े लोगों को छूट रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *