प्रत्याशी को लेकर BJP का सस्पेंस बरकरार, उधर सपा ने रेखा यादव को दिया टिकट

एटा
एटा में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 26 जून को नामांकन किया जाना है जिसमें केवल दो दिन बचे हैं। लेकिन अभी तक प्रत्याशी को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा का सस्पेंस बरकरार है। एटा से लेकर लखनऊ तक इस पर मंथन चल रहा है। जबकि सपा की ओर से प्रत्याशी की घोषणा काफी पहले कर दी गई है। यूं तो इस चुनाव में सदस्य मतदाताओं के आंकड़ों की नजर से भाजपा काफी पीछे नजर आ रही है।

जबकि सपा के पास बहुमत से भी बड़ा आंकड़ा उपलब्ध है। जिसे लेकर वह जीत के प्रति आश्वस्त है। हालांकि भाजपा चुनाव को लेकर उलटफेर में जुटी हुई है। दो सदस्यों को भाजपा में मिलाकर उनके पांच सदस्य हो गए हैं। जबकि जीत के लिए 16 सदस्य चाहिए। हालांकि पार्टी का दावा है कि वह बहुमत तक पहुंच जाएंगे। इस उधेड़बुन के बीच प्रत्याशी चयन पर भी पार्टी फंसी हुई है। समाजवादी पार्टी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र यादव की पत्नी रेखा यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष का उम्मीदवार बनाया है। जिसके बाद जनपद में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव लड़ने के लिए 24 जून से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू की जाएगी। 26 जून तक सुबह 11 से दोपहर 1 बजे के बीच यह नामांकन पत्र कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी न्यायालय से प्राप्त किए जा सकेंगे। 26 जून को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक इन्हें भरकर दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *