कमलनाथ कल सोनिया गांधी को देंगे प्रदेश संगठन की रिपोर्ट, बनाएंगे रणनीति
भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार को पार्टी की राष्टÑीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रदेश संगठन की रिपोर्ट दे सकते हैं। दरअसल गुरुवार को सोनिया गांधी प्रदेश कांग्रेस के सभी अध्यक्षों की बैठक करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्षों के साथ ही राष्टÑीय महासचिव और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भी बैठक में शामिल होंगे। सूत्रों की मानी जाए तो मध्य प्रदेश को लेकर कमलनाथ संगठन की जानकारी सोनिया गांधी को देंगे। कोविड 19 की स्थिति को लेकर भी कमलनाथ इस बैठक में बता सकते हैं। साथ ही संगठन के प्रमुख पद जो खाली पड़े हुए हैं उन पर नियुक्ति जल्द करने की भी वे बात कर सकते हैं।
प्रदेश में महिला कांग्रेस का पद कई दिनों से खाली पड़ा हुआ है। वहीं प्रदेश में उपचुनावों की तैयारियों को लेकर भी बातचीत हो सकती है। प्रदेश में 3 विधानसभा और एक लोकसभा का उपचुनाव होना है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक भी शामिल होंगे, हालांकि वासनिक कई महीनों से मध्य प्रदेश के दौरे पर नहीं आए हैं।
इस बैठक के बाद कमलनाथ भोपाल आएंगे। भोपाल में उनका बैठकों का दौर दो दिन तक चलेगा। जिसमें वे प्रदेश संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती को लेकर बातचीत करेंगे। प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के पुनर्गठन को लेकर भी चल रही सुगबुगाहट का लेकर इस बैठक में चर्चा हो सकती है।
बताया जाता है कि इस बैठक में सोनिया गांधी पूरे प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का रोड मैप तय करेंगी। इसलिए सभी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्षों के साथ ही राष्टÑीय महासचिवों और प्रदेश प्रभारियों की यह बड़ी बैठक बुलाई गई है।
