बिचौलियों पर लगाम से मिटेगा भ्रष्टाचार, नई शिक्षा नीति रोजगार परक : कैलाश विजयवर्गीय
भोपाल
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा अन्त्योदय के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कैसे करेंगे? भाजपा इसकी चिंता करते हुए चिंतन बैठक के माध्यम से किए जाने वाले कामों को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का काम करेगी।
राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि गरीबों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत बांटे जाने वाले राशन का 40 प्रतिशत हिस्सा बिचौलिये खा जाते हैं। यह उनका अपना नहीं बल्कि एक एनजीओ द्वारा तीन राज्यों में किए गए रैंडम सर्वे की रिपोर्ट का तथ्य है। इससे पता चलता है कि कितना भ्रष्टाचार है और इसे रोकने के लिए आधुनिक तकनीकी का सहारा लेना होगा जो करप्शन पर रोक लगाएगी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इसके लिए काम कर रही है।
भाजपा की चिंतन बैठक में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और उनके गुण दोषों की चर्चा की। उन्होंने आनलाइन संवाद के दौरान कहा कि भाजपा में इस बात की चिंता की जा रही है कि वन नेशन वन राशन के अंतर्गत कैसे बिचौलियों को हटाया जाए।
इसीलिए आधार कार्ड से राशन कार्ड को लिंक किया जा रहा है ताकि जब गांव का मजदूर अपनी मूल जगह से कहीं और दूसरे राज्य में काम करने जाए तो उसे वहां भी उतना राशन मिल सके जो गांव में रहते मिल रहा था। इससे बिचौलियों उसके गांव में नहीं होने की बदौलत जो राशन खा जाते हैं, उस पर रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण देने की कोशिश करने वालों को रोकने में भी जुटी है।
नई शिक्षा नीति को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि इसका अध्ययन करने पर यह साफ हुआ है कि यह सिर्फ डिग्री देने वाली शिक्षा नीति नहीं है बल्कि ऐसी नीति है जो रोजगार परक है। इसके बाद बच्चों, युवाओं को रोजगार स्थापित करने, रोजगार पाने में आसानी होगी। उन्होंने केंद्र सरकार की जल, जीवन मिशन योजना का जिक्र करते हुए चिंतन बैठक में कहा कि सात करोड़ लोगों के घरों में नल लगाया जा चुका है। विजयवर्गीय ने कहा कि डब्ल्यूएचओ का कहना है कि एशिया के देशों में साफ पानी लोगों तक नहीं पहुंच पाता। यह बीमारी की बड़ी वजह है और यह जल जीवन मिशन इसे रोकने का काम करेगा। हालांकि कई राज्य अभी इसे पूरी तरह लागू नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा कोविड 19 कूटनीतिक जीत, डीबीटी, जनधन योजना पर भी बात की गई।
भाजपा चिंतन बैठक के जरिये देश प्रदेश के अन्त्योदय कैटेगरी के लोगंो तक यह बात पहुंचाना चाहती है कि केंद्र सरकार कैसे उनका जीवन स्तर सुधारने की चिंता कर रही है। पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों को इसीलिए चिंतन बैठक के जरिये बताया जा रहा है कि जो काम सरकार ने हाथ में लिए हैं उसे जनता को बताएं कि वह कैसे उनके लिए फायदेमंद है। इस चिंतन बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने भी संबोधित किया।
