पंचायत में बहू का पक्ष लेने पर अपने खून का प्यासा बना बड़ा भाई
ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में सोमवार की रात एक व्यक्ति ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर पारिवारिक विवाद में कुल्हाड़ी से वारकर सगे भाई की हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतक की पत्नी और उसके दोनों बच्चों को भी पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी भाग गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी बाप-बेटे एक महीने पहले जेल से पैरोल पर छूट कर बाहर आए थे। साकीपुर गांव में महेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। महेंद्र सिंह के पड़ोस में उसका भाई सतपाल भी अपने परिवार के साथ रहता है। पारिवारिक विवाद के चलते सोमवार की रात सतपाल ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर घर में सो रहे महेंद्र के परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से महेंद्र को मौत के घाट उतार दिया जबकि उनकी पत्नी सीमा और बेटे तनिष्क और बेटी नेहा को अधमरा कर दिया।
ऑनलाइन इंस्पेक्शन में अब्सेंट मिले कर्मचारी, दिए सैलरी रोकने के आदेश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए। रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और जमीन पर लहूलुहान पड़े घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महेंद्र को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी सीमा और दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है। सीमा की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की। आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी सतपाल के एक बेटे शेखर की शादी कुछ दिनों पहले बुलंदशहर की रहने वाली युवती के साथ हुई। शादी के कुछ दिनों बाद ही शेखर और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके चलते वह अपने मायके चली गई। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर सोमवार को साकिपुर गांव में सतपाल के घर पर पंचायत हुई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच तय हुआ कि लड़के पक्ष के लोग शादी में हुए खर्च के पैसे लड़की पक्ष के लोगों को देंगे। इस दौरान 60 हजार रुपये देने की बात तय हुई। सतपाल और उसका बेटा शेखर पैसा देने को तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि पंचायत के दौरान सतपाल के भाई महेंद्र ने लड़की पक्ष के लोगों का साथ दिया। यह बात सतपाल और उसके बेटों को नागवार गुजरी। इससे पहले भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी के चलते सतपाल और उसके बेटों ने महेंद्र के परिवार पर जानलेवा हमला किया।
