टाटा पावर करेगी गांवों का कायाकल्प, गांव होंगे सोलर ग्रिड से रोशन
भोपाल
बिजली संकट से जूझ रहे प्रदेश के ग्रामीण अंचलों को अब इस समस्या से निजात मिलने वाली है। हर जिले के मुख्य मार्ग से लगे दो गांवों को सोलर ग्रिड से रोशन किया जाएगा। यह काम टाटा पॉवर कंपनी करेगी। प्रदेश के कई ग्रामीण अंचल आज भी बिजली संकट से जूझ रहे है। कई जगह गांवों में बिजली है तो उन्हें पूरे समय बिजली नहीं मिल पाती। ऐसे सभी गांवों की बिजली की समस्या को समाप्त करने अब राज्य सरकार उन्हें सोलर ग्रिड से जोड़कर स्थाई रुप से बिजली उपलब्ध कराएगी। हर जिले के मुख्य मार्ग से लगे ऐसे दो मांवों का चयन किया जाएगा जहां बिजली की समस्या है और गांव में तीन सौ से छह सौ लोग रहते है।
टाटा पावर कंपनी इन गांवों में बिजली उपलब्ध कराएगी। कंपनी इन गांवों में सोलर ग्रिड के जरिए बिजली उत्पादन और वितरण की व्यवस्था करेगी। इसके लिए इन गांवों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। उनके जरिए बैटरी लगाकर बिजली संग्रहित की जाएगी और उसे सोलर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। अलग-अलग जगहर सोलर ग्रिड बनाए जाएंगे। सोलर पैनल से सौर उर्जा को बिजली में परिवर्तित कर ग्रिड में भेजा जाएगा। ग्रिड से बिजली इन गांवों में भेजी जाएगी।
सोलर ग्रिड से जुड़ने पर गांवों की बिजली की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर इनर्जी से तैयार बिजली भरपूर मात्रा में मिल सकेगी। इससे गांवों की स्ट्रीट लाइट, घरेलु बिजली और खेतो में पानी देने के लिए लगे विद्युत पंपों के लिए भी पर्याप्त बिजली मिल सकेगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए है कि हर जिले के मुख्य मार्ग से जुड़े दो गांवों का चयन सोलर इनर्जी से जोड़ने के लिए किया जाए। ऐसे गांवों का चिन्हांकन शुर कर दिया है। टाटा पावर कंपनी इन गांवों को बिजली उपलब्ध कराने की कवायद शुरू करेगी।
