खुरई में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने किया वैक्सीनेशन महा-अभियान का शुभारंभ
भोपाल
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में वेक्सीनेशन के महा-अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि वेक्सीनेशन से ही कोरोना संक्रमण से निपटा जा सकता है। वेक्सीनेशन ही इसका स्थाई हल है। वेक्सीनेशन से ही जीवन सुरक्षित है। मंत्री सिंह ने इस अवसर पर वेक्सीन लगवाने वाले लोगों को एक-एक पौधा भेंट किया।
खुरई के पं. के.सी. शर्मा विद्यालय और बरोदिया नौनागिर के शासकीय विद्यालय में वेक्सीनेशन महा-अभियान का शुभारंभ करते हुए मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि इस महा-अभियान में खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक साथ 24 स्थानों पर वेक्सीन लगाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में 22 और खुरई में 2 स्थानों पर वेक्सीन लग रही है। खुरई में 2 और स्थानों पर वेक्सीन लगाई जाएगी। मंत्री सिंह ने कहा कि खुरई क्षेत्र में अब तक लगभग 79 हजार लोगों को वेक्सीन लग चुकी है। प्रसन्नता है कि सागर जिले में अभी खुरई प्रथम स्थान पर है। सिंह ने कहा कि पहली लहर की तुलना में अभी मार्च से लेकर जून माह के पहले सप्ताह तक कोरोना का प्रकोप ज्यादा था। जिससे अनेक परिवारों ने अपनों को खोया। लेकिन वेक्सीन लगवाने के बाद जो लोग कोरोना से संक्रमित हुए भी तो उनका जीवन सुरक्षित रहा। इसलिए कोरोना संक्रमण से बचाव का स्थाई हल वेक्सीनेश नही है। जिन्होंने कोरोना के पहले वेक्सीनेशन करा लिया था, वे दो-चार दिन में ही ठीक हो गए।
मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस बार कोरोना संक्रमण के दौरान अस्पतालों में जगह नहीं थी। प्राइवेट अस्पतालों में इलाज बहुत महंगा था। हमने खुरई में ही इलाज की व्यवस्थाएं की। खुरई के अस्पताल में संसाधन जुटाने के लिए एक करोड़ रूपए मंजूर कराये। परिणाम यह हुआ कि खुरई अस्पताल से 300 लोग स्वस्थ होकर सकुशल अपने घर वापस पहुंचे। लेकिन यह स्थाई हल नहीं है। किसी को भी कोरोना संक्रमण न हो पाये, इसके लिए जरूरी है वेक्सीनेशन। इसलिए खुरई विधानसभा क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति वेक्सीनेशन से वंचित नहीं रहना चाहिए। क्षेत्र के बड़े बुजुर्गों और प्रबुद्ध नागरिकों से निवेदन है कि वे वेक्सीन लगवाकर दूसरों के लिए प्रेरणा बने।
बरोदिया नौनागिर में वृक्षारोपण, पंचायत भवन का लोकार्पण
मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई से बरोदिया नौनागिर पहुंचकर शासकीय विद्यालय में वेक्सीनेशन महा-अभियान का शुभारंभ करते हुए स्कूल प्रांगण में आम का पौधा रोपित किया। उन्होंने 20 लाख रूपए के पंचायत भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि हनौता और बीना नदी परियोजना का कार्य फिर से प्रारंभ कराया गया है। हमारी कोशिश है कि साल डेढ़ साल में क्षेत्र के हर खेत में सिंचाई के लिए पानी पहुँचे।
