टीकाकरण के पुनित कार्य में बने भागीदार-मंत्री सुश्री ठाकुर
भोपाल
पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने टीकाकरण के लिए आमजन को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान कोरोना संकट के समय टीकाकरण से बड़ा कोई पावन कार्य नहीं है। इस पुनीत कार्य में भागीदार बनें। सुश्री ठाकुर ने यह बात महू और देवास से 'टीकाकरण महा-अभियान' के शुभारंभ के दौरान कही। उन्होंने महू के महेश्वरी हायर सेकेंडरी स्कूल और देवास के मल्हार स्मृति गार्डन टीकाकरण केन्द्र पर 'टीकाकरण महा-अभियान' के दौरान लोगों को कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर अपनाने की शपथ भी दिलाई।
सुश्री ठाकुर ने टीकाकरण केन्द्र पर टीकाकरण के लिए बनाई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और टीकाकरण कार्य में लगे स्वास्थ्य कर्मियों का आभार भी व्यक्त किया। सुश्री ठाकुर ने सभी से आग्रह किया कि स्वयं, अपने परिवार और परिचितों को वैक्सीन लगवाकर अपने पारिवारिक धर्म का पालन करें। इसके साथ ही आमजन को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करके सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए मध्यप्रदेश को कोरोना मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभायें।
