अहान शेट्टी जल्दी ही फिल्म ‘तड़प’ से करने वाले हैं बॉलीवुड में एंट्री

बॉलीवुड के ‘अन्ना’ सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी जल्दी ही फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में एंट्री करने वाले हैं. यह फिल्म इस साल 24 सितंबर को रिलीज होने वाली है. इस फिल्म को लेकर इंडस्ट्री के करीब-करीब सभी बड़े स्टार्स अहान को शुभकामनाएं दे चुके हैं. अहान बॉलीवुड में नए हैं इसलिए उन्हें लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. अब अहान शेट्टी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अपनी पहली फिल्म के पहले ही अहान के हाथ एक और फिल्म लग चुकी है, जिसमें वह बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे. खबर है कि इस फिल्म साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस करने वाले हैं. इस प्रोजेक्ट पर अभी काम चल रहा है, और उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी जल्द ही सामने आएगी. बता दें, अहान का लुक तो अपने पापा से मिलता ही है आदतें भी काफी कुछ सुनील की तरह ही है.

25 साल के अहान शेट्टी ने अपनी स्कूलिंग मुंबई से और आगे की पढ़ाई अमेरिका से पूरी की है. अहान के पापा सुनील शेट्टी को बॉलीवुड में यारों का यार माना जाता है. ठीक अपने पापा की तरह ही अहान की भी जल्दी सबसे दोस्ती हो जाती है. रणबीर कपूर, डिनो मोरिया, अपारशक्ति खुराना और लिएंडर पेस अहान के खास दोस्तों में से हैं. अहान शेट्टी की शक्ल तो अपने पिता से काफी मिलती है वहीं उनके चलने का अंदाज भी काफी सुनील शेट्टी की तरह ही है.

अहान शेट्टी एक अच्छे फुटबॉलर भी हैं. स्कूल टाइम में अपनी स्कूल टीम के फुटबॉल कैप्टन रह चुके हैं. वह अक्सर रणबीर कपूर और डिनो मोरिया जैसे दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलते रहते हैं. सुनील शेट्टी को भी खेल कूद का काफी शौक है. अहान शेट्टी को फुटबॉल खेलने की पहली ट्रेनिंग पापा सुनील से ही मिली है. सुनील बचपन से ही अहान के साथ फुटबॉल खेलते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *