योग दिवस पर नेता सिंघवी का ॐ के उच्चारण को लेकर विवाद से भरा ट्वीट फिर हुआ विवाद

नई दिल्ली

दुनिया आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है, भारत में भी अलग-अलग जगह कोरोना प्रोटोकॉल के अंतर्गत इसको लेकर आयोजन हो रहा है. इस बीच कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी के एक ट्वीट से विवाद खड़ा हो गया है. अभिषेक मनु सिंघवी ने योग को लेकर ॐ और अल्लाह का जिक्र किया, तो योगगुरु रामदेव ने उन्हें जवाब दिया.

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट किया कि ॐ के उच्चारण से ना तो योग ज्यादा शक्तिशाली हो जाएगा और ना अल्लाह कहने से योग की शक्ति कम होगी.
 

    ॐ के उच्चारण से ना तो योग ज्यादा शक्तिशाली हो जाएगा और ना अल्लाह कहने से योग की शक्ति कम होगी | #YogaDay2021 #InternationalDayOfYoga
    — Abhishek Singhvi (@DrAMSinghvi) June 21, 2021

अभिषेक मनु सिंघवी के इस ट्वीट ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक नई बहस छेड़ दी है. योग गुरु रामदेव ने इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया भी दी है.

रामदेव ने कहा, ‘ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’. अल्लाह, भगवान, खुदा सब एक ही है, ऐसे में ॐ बोलने में दिक्कत क्या है. लेकिन, हम किसी को खुदा बोलने से मना नहीं कर रहे हैं. रामदेव बोले कि इन सभी को भी योग करना चाहिए, फिर इन सभी को एक ही परमात्मा दिखेगा.

    विश्व योग दिवस पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने किया विवादित ट्वीट, बाबा रामदेव (@yogrishiramdev) ने पलटवार करते हुए कहा, "ईश्वर अल्लाह तेरे नाम, सबको सन्मति दे भगवान."#WorldYogaDay2021 #Yoga #ATVideo
    (@MinakshiKandwal) pic.twitter.com/Rt8S5nPbUR
    — AajTak (@aajtak) June 21, 2021

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अभिषेक मनु सिंघवी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी है. शिवराज ने लिखा कि अभिषेक मनु सिंघवी पर बस यही कहूंगा कि ना जाने क्यों कांग्रेस के नेता ऐसे अवसरों पर भी राजनीति करते हैं और ऐसे बयान देते हैं. वैक्सीनेशन और योग दोनों ही कोरोना से लड़ाई में संजीवनी हैं. हमारे देश की पूरी दुनिया में योग की वजह से आज अलग पहचान बन गई है.

बीजेपी नेताओं ने साधा निशाना
बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा ने इस मसले पर कहा कि ॐ के उच्चारण से हमारी शक्ति तो बढ़ती है इनकी शक्ति जरूर घट जाती है. इनकी शक्ति इसलिए घट जाती क्योंकि इनका वोट बैंक घट जाता है, वोट बैंक की राजनीति के चलते ये लोग ऐसा बोलते हैं.

प्रवेश वर्मा ने कहा कि इनको लगता है कि पिछले 7 साल में कोई दंगा नहीं हुआ, 370 हटा तब भी शांति रही, राम मंदिर बन रहा फिर शांति है उससे इनको प्रॉब्लम है.

बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि छोटे नेताओं के ट्वीट करने से योग की महानता खत्म नहीं होती. कुछ ऐसे विषय रहते हैं कि जिस पर राजनीति के माध्यम से संकुचित मानसिकता को प्रदर्शन करना उचित नहीं है, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उनके इस बयान से कोई फर्क नहीं पड़ता.

सातवां योग दिवस मना रही है दुनिया
आपको बता दें कि भारत की अगुवाई के बाद ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है. सोमवार को देश के अलग-अलग हिस्से में कई कार्यक्रम हो रहे हैं, योगगुरु रामदेव खुद हरिद्वार में अपने आश्रम में योग करवा रहे हैं.

इस मौके पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश को संबोधित किया. पीएम मोदी ने योग के दुनिया में प्रसार, कोरोना काल में इसके एक सुरक्षाकवच होने की बात कही. साथ ही पीएम मोदी ने एम-योगा ऐप लॉन्च करने की बात कही, जिसमें दुनिया की अलग-अलग भाषाओं में योग को सीखने का मौका मिलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *