निवेश का झांसा देकर करोड़ों हड़पने वाला निदेशक गिरफ्तार,  40 प्रतिशत मुनाफे का देता था लालच

लखनऊ 
उम्मीद ट्रेडिंग के नाम से फर्म बना कर दर्जनों निवेशकों से धोखाधड़ी करने वाले रुखसार अहमद को गाजीपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चार साल से फरार रुखसार की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। चिनहट ओमेगा सिटी निवासी रुखसार अहमद ने भूतनाथ मार्केट में उम्मीद ट्रेडिंग के नाम से एक फर्म खोली थी।जिसमें रुखसार के साथ उसकी पत्नी फिरदौस भी काम करती थी। आरोपी ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रचार किया था।

रुखसार ने कई जिलों में अपने एजेंट भी बनाए थे। जो निवेशकों को एक साल में लगाई गई रकम का 40 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाते थे। मुलाकात के दौरान रुखसार और फिरदौस निवेशकों से लुभावने वायदे करते थे। फिर पोस्ट डेटेड चेक और एग्रीमेंट कर विश्वास हासिल करने के लिए निवेश की गई रकम पर कुछ महीनों तक मुनाफा भी दिया जाता था। इंस्पेक्टर प्रशांत मिश्र के मुताबिक गाजीपुर में ही जालसाज दंपति के खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 में पुलिस ने फिरदौस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रुखसार अहमद पत्नी के गिरफ्तार होते ही फरार हो गया था। आरोपी की तलाश में कई बार उसके ठिकानों पर दबिश दी गई थी। सफलता नहीं मिलने पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *