राज्य आनंद संस्थान ने किया बच्चों के लिए ऑनलाइन आनंद सभा का आयोजन

 भोपाल

अध्यात्म विभाग अंतर्गत संचालित राज्य आनंद संस्थान ने 'मदद' विषय को केन्द्र में रखकर बच्चों के लिए ऑनलाइन 'आनंद सभा' का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम वेबेक्स और राज्य आनंद संस्थान के यू-ट्यूब लिंक से लाइव प्रसारित किया गया। पहली आनंद सभा का संचालन डाइट कटनी के प्राचार्य राजेन्द्र असाटी ने किया। पूरे प्रदेश से हजारों बच्चों ने 'आनंद सभा' में वर्चुअल भागीदारी की। राज्य आनंद संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश अर्गल ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रत्येक शुक्रवार शाम 4 से 5.30 तक संचालित होगा, जिसमें बच्चों के साथ मदद, क्षमा, कृतज्ञता, सकारात्मकता, स्वीकार्यता, ध्यान, संकल्प, दृष्टिकोण और आत्म-विश्वास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जायेगी।

अर्गल ने कहा कि कोरोना संकट के चलते एक तरफ तो स्कूल बंद हैं, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को घर से बाहर निकलने की भी मनाही है। ऐसे में बच्चों के स्वभाव में चिड़चिड़ापन, तनाव, हताशा, गुस्सा जैसे नकारात्मक भाव बढ़ रहे हैं। इसलिए बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने और नैतिक आदर्शों से अवगत कराने के लिए 'आनंद सभा' का ऑनलाइन आयोजन किया जा रहा है। अर्गल ने बताया कि पूर्व में भी राज्य आनंद संस्थान, बच्चों के साथ आनंद और सकारात्मकता को बढ़ाने के लिए 'आनंद सभा' का आयोजन विद्यालयों में करता रहा है।

संस्थान के निदेशक प्रवीण कुमार गंगराड़े ने कहा कि बच्चों को परिपूर्ण और सफल जीवन जीने के लिए उनके अंदर मानवीय मूल्यों का विकास, 'आनंद सभा' का प्राथमिक उद्देश्य है। इसके लिए आवश्यक है कि उनके बीच सामाजिक और नैतिक मूल्य स्थापित करने के प्रयास किये जायें। 'आनंद सभा' इसी प्रयास का एक हिस्सा है। सत्यप्रकाश आर्य ने ऑनलाइन आनंद सभा में शामिल सभी बच्चों, विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षण संचालनालय की आयुक्त श्रीमती जयकियावत का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *