ढाबा वाले कांता प्रसाद ने की ख़ुदकुशी की कोशिश, हालत गंभीर

नई दिल्ली

दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में मशहूर बाबा का ढाबा चलाने वाले कांता प्रसाद (80) ने रात नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डीसीपी (दक्षिण) अतुल ठाकुर ने कहा, “हमने अस्पताल से सैंपल जमा किया है जिसमें शराब और नींद की गोलियों का सेवन बेहोशी का कारण बताया गया है। उनके बेटे करण का भी बयान दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।”

पुलिस ने कहा कि उन्हें  देर रात एक पीसीआर कॉल मिली कि आत्महत्या का प्रयास करने वाला एक व्यक्ति अस्पताल पहुंचा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि वह कांता प्रसाद है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। उनकी पत्नी ने पुलिस को सूचित किया कि वह पिछले कुछ दिनों से उदास थे। ” उनकी पत्नी ने यह भी कहा कि प्रसाद को पिछले साल दिसंबर में अपने द्वारा खोले गए रेस्तरां को बंद करना पड़ा और सड़क किनारे अपने पुराने स्टाल पर वापस आ गए क्योंकि नए रेस्तरां को चलाने की लागत लगभग 1 लाख रुपये थी जबकि उनकी आय केवल 30,000 रुपये थी।

पिछले साल, प्रसाद ने यूट्यूबर गौरव वासन के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की थी, जो कथित तौर पर उनकी और उनकी पत्नी की मदद के लिए जुटाए गए धन के दुरुपयोग के लिए थी।

वासन ने पिछले साल 7 अक्टूबर को प्रसाद और उनकी पत्नी के वीडियो को शूट किया था, जिसमें जोड़े को मालवीय नगर में भोजनालय में ग्राहकों की कमी के बारे में बात करते हुए दिखाया गया था, जिसके बाद कई लोगों ने पैसे दान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *