संक्रमण कम हुआ लेकिन कोरोना से लगातार हो रही मौतें
लखनऊ
कोरोना संक्रमण के नए और सक्रिय केसों में भले तेजी से कमी आ रही है लेकिन संक्रमण से मरने वालों की तादाद अभी भी अपेक्षाकृत काफी अधिक है। जो सरकार के सामने सबसे बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है। पहली जून से 17 जून तक के आंकड़े देखें तो मात्र 17 दिनों में प्रदेश में 1561 लोगों की कोरोना के संक्रमण मृत्यु हुई है। चिकित्सा विशेषज्ञों की मानें तो यह संख्या कोरोना के नए डेल्टा वैरिएंट के अत्यधिक घातक होने का परिचायक है।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 336 नए मामले प्रकाश में आए हैं। इसी अवधि में 685 संक्रमित व्यक्तियों का सफल उपचार कर के डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या 6,019 है। पिछले 24 घण्टों में 2,90,234 कोविड टेस्ट किए गए हैं। राज्य में अब तक कुल 5,44,36,119 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर में भी निरन्तर वृद्धि हो रही है। यह दर अब बढ़कर 98.4 प्रतिशत हो गई है।
