महिला इंस्‍पेक्‍टर ने अफसर पर लगाया बदसलूकी का आरोप, व्हाट्सएप पर भेजा इस्‍तीफा

 बुलंदशहर 
उत्‍तर प्रदेश के बुलंदशहर के एक पुलिस अधिकारी पर एक महिला इंस्पेक्टर ने अभद्रता करने का आरोप लगाया है। महिला इंस्पेक्टर ने व्हाट्सएप पर अपना इस्तीफा पुलिस अधिकारियों को भेजते हुए उसे स्वीकृत करने की पेशकश की है। आरोप है कि संबंधित पुलिस अधिकारी ने महिला इंस्पेक्टर को अपने कार्यालय में बुलाकर न सिर्फ अभद्रता की, बल्कि नौकरी से बर्खास्त कराने की भी धमकी दी।

गुरुवार को जिले के एक पुलिस अधिकारी द्वारा कई थाना प्रभारी, चौकी प्रभारियों एवं शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारियों को पुलिस कार्यालय में बुलाकर विभिन्न शिकायती पत्र के संबंध में समीक्षा की। बताया जाता है कि एक मामले को लेकर महिला इंस्पेक्टर को जमकर फटकार लगाई गई। इस घटना के बाद महिला इंस्पेक्टर द्वारा एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को व्हाट्सएप पर अपना इस्तीफा भेजते हुए उसे स्वीकृत करने की पेशकश की है।
इस इस्तीफे में महिला इंस्पेक्टर ने पुलिस अधिकारी पर अपने कार्यालय में बुलाकर अभद्रता करने और नौकरी से बर्खास्त कर देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में कार्यवाहक एसएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले में जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *