खंडवा लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस तीन जिलों के नेताओं को साधेगी

भोपाल। निमाड़ की राजनीति में कांग्रेस में रहकर ही अब तक अरुण यादव को घेरने वालों को मनाने का काम कांग्रेस के तीन नेता कर सकते हैं। हाल ही में अरुण यादव ने इन तीनों नेताओं से मुलाकात की है। इन मुलाकातों में प्रदेश कांग्रेस की राजनीति के अलावा खंडवा लोकसभा का उपचुनाव ही मुख्य रहा। अरुण यादव ने पिछले तीन दिनों में अजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा और जीतू पटवारी से मुलाकात की। इसमें अजय सिंह से उनकी मुलाकात अलग हुई, जबकि सज्जन सिंह वर्मा और जीतू पटवारी से एक साथ बातचीत हुई। सूत्रों की मानी जाए तो इन तीनों नेताओं के साथ हुई चर्चा में यह बात सामने आई है कि यदि खंडवा लोकसभा की सीट भाजपा से छीनना है तो बुरहानपुर, खंडवा और खरगौन जिले के सभी कांग्रेस नेताओं और विधायकों को एक करना होगा। इसके लिए इन तीन नेताओं की अहम भूमिका यहां पर हो सकती है।
ये करते रहे अरुण की घेराबंदी
अरुण यादव ने खंडवा लोकसभा से पहला चुनाव 2009 में लड़ा था और जीते थे। इसके बाद से वे लोकसभा के दो चुनाव हार चुके हैं। इसके पीछे यह माना जा रहा है कि बुरहानपुर, खंडवा और खरगौन जिले के कुछ कांग्रेस नेता अरुण यादव की घेराबंदी कर देते हैं, जिसके चलते वे चुनाव में मात खा जाते हैं। खरगौन जिले के रवि जोशी और विजय लक्ष्मी साधो को यादव विरोधी माना जाता है। हालांकि इन दोनों नेताओं का विधानसभा क्षेत्र खंडवा लोकसभा में नहीं आता है, लेकिन खरगौन जिले की बड़वाह और भीकनगांव विधानसभा आती है। इसी तरह  खंडवा और बुरहानपुर जिले के भी कांग्रेस के सभी नेताओं को साधने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *