एम्स में ओपीडी सेवाएं दोबारा आज से शुरू हो रही

नई दिल्ली
कोरोना संक्रमण के घटते मामलों के बीचआज से  एम्स में ओपीडी सेवाएं दोबारा से शुरू हो जाएगी। मरीजों को इलाज के लिए ऑनलाइन माध्यम से ही अपना पंजीकरण कराना होगा। अभी सीधे अस्पताल में जाकर पंजीकरण की सुविधा नहीं मिलेगी। इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को कोविड से बचाव के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.के शर्मा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अस्पताल में 18 जून से चरणबद्ध तरीके से ओपीडी सेवाओं को शुरू किया जाएगा। अभी ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। डॉक्टर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वाले मरीजों को ही ओपीडी में देखेंगे। सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वह ओपीडी के लिए तैयारी शुरू कर दें और प्रतिदिन आने वाले नए व पुराने मरीजों की संख्या का एक प्रस्ताव बनाकर भेंजे। एम्स में अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को भी आपातकालीन विभाग के माध्यम से भर्ती करना शुरू कर दिया गया है।

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते छह अप्रैल को एम्स ने फैसला किया था कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए ही मरीज ओपीडी में दिखा सकेंगे।हालांकि बाद में  कोरोना के मामले जब बढ़ने लगे तो अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ओपीडी को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। अब करीब दो महीने बाद शुक्रवार से यह सेवाएं फिर से शुरू की जा रही है। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *