कमिश्नर के सस्पेंड आॅर्डर के बाद भी रिलीव नहीं हुए कई उपयंत्री

भोपाल
नगरीय विकास और आवास विभाग के कमिश्नर निकुंज श्रीवास्तव ने नगरीय निकायों में पदस्थ उपयंत्रियों के तबादले के बाद उनकी ज्वाइनिंग में हो रही देरी से परेशान होकर एक्शन की नई विधा अपनाई है। उन्होंने अलग-अलग निकायों में पदस्थ किए गए आठ उपयंत्रियों को संबोधित आदेश में कहा था कि अगर बुधवार को अपरान्ह 4.30 बजे तक वे नए पदस्थापना स्थल पर रिलीव नहीं हुए तो वे सस्पेंड माने जाएंगे। हालांकि इसके बावजूद कई उपयंत्री रिलीव नहीं हुए है।

अब उपयंत्रियों के सस्पेंड किए जाने के बाद दो दिन में संयक्त संचालक संचालनालय को इन उपयंत्रियों को सौंपी गई चार्जशीट की रिपोर्ट सौंपेंगे। इतना ही नहीं कमिश्नर ने यह भी कहा था कि जो उपयंत्री रिलीव नहीं किए जाएंगे, उनके रिलीव नहीं किए जाने का स्पष्टीकरण संबंधित निकाय के मुख्य अफसर को देना होगा।

आयुक्त श्रीवास्तव के आदेश के मुताबिक जिन 8 उपयंत्रियों को बुधवार शाम तक रिलीव होने का समय दिया गया था। उसमें उपयंत्री विशाल बाबू शर्मा नपा पीथमपुर से नपा राघोगढ़, अजय करारे नगर निगम इंदौर से नगर परिषद बड़ौद, आयुषी भावसार नगर पालिका विदिशा से नगर पालिका आष्टा, अभिनव कुमार तिवारी नगर निगम ग्वालियर से नगर परिषद आलमपुर, दीक्षा तिवारी कार्यालय संयुक्त संचालक नगरीय विकास और आवास भोपाल से नगर परिषद कुरावर, विधुरानी कौरव नगर निगम उज्जैन से नगर परिषद भानपुरा, नीलम रजक नगर पालिका विदिशा से नगर परिषद खुजनेर, संजय श्रीवास्तव कार्यालय संयुक्त संचालक नगरीय विकास और आवास भोपाल से नगर परिषद जीरापुर के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि महीनों पहले स्थानांतरित किए गए इन उपयंत्रियों द्वारा बार-बार स्मरण पत्र देने के बाद भी नई पदस्थापना स्थल पर ज्वाइनिंग नहीं दी जा रही है। इससे निकाय के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके चलते आयुक्त ने सख्ती दिखाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *