राजगढ़ से मुरादाबाद जा रही 30 टन प्याज चोरी,ट्रक मुरैना में मिला

मुरैना

राजगढ़ जिले से 30 टन प्याज लेकर उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद के लिए निकले ट्रक से प्याज चोरी हो गई। मुरैना शहर के विक्रम नगर में रहने वाले ट्रक मालिक के घर से मंगलवार को तड़के पुलिस को खाली ट्रक मिला है। इस मामले में पुलिस को ट्रक मालिक व उसके ड्राइवर की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध लग रही है।

राजगढ़ के इकलहरा गांव के दुर्गेश सेन ने ट्रक क्रमांक एमपी 06 एचसी 2782 से 7 जून को 30 टन प्याज उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के लिए भेजी थी। 8 जून को यह ट्रक मुरादाबाद पहुंच जाता, लेकिन 9 जून तक वहां नहीं पहुंचा। ट्रक में साढ़े तीन लाख रुपये से ज्यादा की प्याज थी। इसके बाद किसान दुर्गेश सेन की शिकायत पर राजगढ़ के जीरापुर थाने में मामला दर्ज हुआ था।

मंगलवार की सुबह यह ट्रक सिविल लाइन थाना व राजगढ़ पुलिस ने ट्रक मालिक लाखन पुत्र उम्मेद सिंह गुर्जर के घर विक्रम नगर से खाली जब्त हुआ है। पुलिस को इस मामले में ट्रक मालिक लाखन गुर्जर व उसके बेटे गजेन्द्र गुर्जर पर शक है। सिविल लाइन पुलिस ने ट्रक व दो आरोपितों को राजगढ़ पुलिस को सौंप दिया है। इस मामले में सिविल लाइन थाने की गाड़ी चलाने वाले एक प्राइइेट ड्राइवर का नाम भी आ रहा है, जो ट्रक मालिक का रिश्तेदार बताया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की एफआइआर राजगढ़ जिले में दर्ज है, इसलिए वहां की पुलिस छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *