इटावा में भाजपा का बनेगा जिला पंचायत अध्यक्ष: स्वतंत्र देव
इटावा
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव व पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गृह जिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इटावा में भी उनकी पार्टी का ही जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीतेगा।
बस नामांकन के दिन का इंतजार कीजिए, देखिएगा कि क्या होगा? प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि चुनाव के बाद सभी को यह भी पता चल जाएगा कि भाजपा की प्रदेश में पंचायत चुनाव में कितनी सीटें हैं और कौन जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा।
प्रदेश अध्यक्ष इटावा के चौगुर्जी में स्टेशन रोड स्थित गीता डेंटल क्लीनिक में पोस्ट कोविड हेल्पलाइन का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने अयोध्या में राममंदिर भूमि घोटाले के सवाल पर कहा कि जो लोग राम के अस्तित्व को नहीं मानते हैं। राम और रामसेतु से प्रेम नहीं करते हैं। वह भगवान राम से जुड़े सवाल क्या पूछते हैं। जिन लोगों ने देश को लूटा, भ्रष्टाचार किया, उनकी किसी में आस्था नहीं है। वह लोग क्या जानें राम की बात को, उनको सवाल पूछने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि 2022 का विधान सभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा लड़ेगी। कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तारीख का एलान हो गया है। चुनाव में सभी को पता चल जाएगा कि प्रदेश में किसकी कितनी सीटें हैं और कौन जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा। इटावा में भी हम (भाजपा) चुनाव जीतेंगे। बस नामांकन के दिन का इंतजार कीजिए।
