राजधानी में सूरज और बादलों के बीच आंखमिचौली
भोपाल
राजधानी में मानसून अभी पूरी तरह से एक्टिव नहीं हो पाया है। इसके चलते सूरज और बादलों में आंखमिचौनी का खेल चल रहा है। इससे वातावरण में बड़े पैमाने पर नमी मौजूद है। सुबह के समय आसमान साफ रहने से धूप निकलती है। जिसके चलते उमस बढ़ जाती है। तापमान बढ़ने के कारण दोपहर बाद बादल छाने लगते हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने लगती हैं। अगले 24 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि शाम को फिर मौसम बदलेगा और शहर के कई क्षेत्रों में लाइट शॉवर की स्थिति बन सकती है।
वर्तमान में एक कम दबाव का क्षेत्र झारखंड और उससे लगे उत्तर प्रदेश पर सक्रिय है। पाकिस्तान और उससे लगे राजस्थान पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसी तरह राजस्थान और उससे लगे हरियाणा पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इन तीन वेदर सिस्टम के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है। इस वजह से अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
