कोरोना की तीसरी लहर से निपटने PM से मिले CM शिवराज

भोपाल
मध्यप्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर पस्त हो चुकी है, अब सरकार विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों में जुटी है। इसके अलावा कोरोना काल में जो विकास कार्य प्रभावित हुए थे, उन्हें भी तेज करने की कवायद की  जा रही है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर से निबटने की तैयारियों के बारे में बताया और दूसरी लहर से पार पाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही जुलाई में वैक्सीनेशन के महाअभियान के बारे में भी बताया। सीएम दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात भी करने वाले हैं।

सीएम चौहान आज दिल्ली में हैं। यहां दोपहर में आधे घंटे से अधिक समय तक उनकी भेंट पीएम से हुई। मुलाकात के दौरान कोरोना वैक्सीनेशन की अब तक स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए सीएम चौहान ने पीएम को बताया कि जुलाई में एक से तीन तारीख तक पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा जिसमें वे खुद कुछ जिलों में जाकर जनजागरण करेंगे और सभी मंत्रियों को इसके लिए निर्देशित किया है।

 सीएम चौहान ने कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए अस्पतालों में बेड्स के इंतजाम, कोविड केयर सेंटर, आक्सीजन प्लांट निर्माण की पूर्णता, वेंटिलेटर्स और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा की। केंद्र के गरीब कल्याण कार्यक्रम की तर्ज पर प्रदेश में गरीब कल्याण योजनाओं की शुरुआत और उससे लोगों को दिए गए फायदे के बारे में भी सीएम ने पीएम को बताया।  

सीएम ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के क्रियान्वयन के लिए अपनाई गई प्रक्रिया और ताजा अपडेट की जानकारी दी। साथ ही केंद्र सरकार के पास लंबित राज्य के हिस्से की अलग अलग विभागों और योजनाओं से जुड़ी राशि रिलीज करने का आग्रह भी पीएम मोदी से किया। वे आज केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात भी करने वाले हैं। इस दौरान कोरोना की दूसरी लहर से निबटने के लिए मंत्रियों द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही पर वे उनका आभार मानेंगे।

सीएम शिवराज सिंह चौहान गुरुवार से मंत्रियों और विभागों के प्रमुख सचिवों के साथ वन टू वन चर्चा करेंगे। इस दौरान वे विभागों की वर्किंग की समीक्षा करने के साथ प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अपडेट लेंगे। इन विभागों में गरीब कल्याण और रोजगार मूलक कामों को प्राथमिकता दिया जाना तय है। इसलिए ऐसी योजनाओं के अपडेट्स के साथ अधिकारी सीएम की बैठक में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *