432 ग्राम पंचायतों के गठन एवं 433 ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण का रास्ता साफ, आज DM जारी करेंगे अधिसूचना

गोरखपुर
प्रदेश सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के परिणाम घोषित होने बाद नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इससे जिले की 432 ग्राम पंचायतों में गठन एवं 433 ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है।

जारी अधिसूचना के मुताबिक 17 जून को ग्राम पंचायतों को संगठित करने की अधिसूचना डीएम के विजयेंद्र पांडियन जारी करेंगे। 18 से 19 जून तक ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य वीडियो कांफ्रेसिंग एवं वर्चुअल माध्यम से शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी करेंगे। 20 जून को नवगठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक में कार्य संचालन के लिए छह समितियों का गठन किया जाएगा।

जिले की 1294 ग्राम पंचायतों में पिछले दिनों 861 में ग्राम प्रधानों को शपथ दिला ग्राम पंचायतों का गठन कर पहली बैठक की प्रक्रिया पूरी करा ली गई थी। शेष ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायतों का दो तिहाई कोरम न पूरा होने के अभाव में गठन नहीं हो सका था। उप चुनाव के बाद अब गठन की अधिसूचना जारी हो गई है।

20 जून को नव गठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें छह समितियां गठित होंगी। इसमें ग्राम प्रधान नियोजन एवं विकास समिति, प्रशासनिक समिति और शिक्षा समिति का सभापति होगा। इसके अलावा निर्माण कार्य समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति और जल प्रबंधन समिति के सभापति का चुनाव ग्राम पंचायत सदस्यों द्वारा अपने में से ही किया जाएगा।

सभी समितियों में सभापति के अलावा 6 सदस्य होंगे। इनमें एक महिला व एक अनुसूचित जाति और एक पिछड़े वर्ग का सदस्य होगा। हर माह समिति की बैठक करना अनिवार्य है। 4 सदस्य मौजूद होने से बैठक का कोरम पूरा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *