फिर सुर्खियों में आया छात्रा हत्याकांड, SP ने देखा क्राइम सीन

मैनपुरी
मैनपुरी में नवोदय छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।  एसपी ने सोमवार की शाम घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक को दिशा-निर्देश दिए। करीब एक घंटा रुकने के बाद एसपी वापस लौट गए। पुलिस उक्त मामले को खुदकुशी की धाराओं में तरमीम कर चुकी है।

नवोदय छात्रा की कथित हत्या के मामले में जांच कर रही एसआईटी इसे खुदकुशी का मामला मान चुकी है। वहीं हाल ही में डीएनए जांच को भेजे गए 10 सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद विद्यालय प्रबंधन व जांच से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है। सोमवार को एसपी अशोक कुमार राय नवोदय विद्यालय पहुंचे और करीब एक घंटा तक रुके। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही नवोदय स्टाफ के लोगों से भी जानकारी ली। पुलिस की ओर से अधिकारिक तौर पर इस मामले में कोई जानकारी नहीं दी गई।

नवोदय में पढ़ने वाली कक्षा 11 की छात्रा का शव 16 सितंबर 2019 को छात्रावास की गैलरी में फंदे पर लटका मिला था। छात्रा के परिजनों ने प्रधानाचार्य, वार्डन व दो छात्रों पर हत्या का आरोप लगाया था। साथ ही दुष्कर्म की संभावना जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली से असंतुष्ट परिजनों की मांग पर मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। हाल ही में इस मामले को आत्महत्या की धाराओं में तरमीम किया जा चुका है। पुलिस अभी तक इस मामले में करीब 110 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। उक्त मामले में एसपी के निरीक्षण की वजह क्या है और इस मामले में क्या होने वाला है यह भी जल्द ही सामने आ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *