पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी UG एडमिशन का अंतिम मौका, 18 जुलाई तक करें आवेदन
पटना
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने यूजी रेगुलर कोर्स सत्र 2026-30 में नामांकन से वंचित रह गए छात्रों के लिए राहत प्रदान की है। विश्वविद्यालय ने 15 से 18 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल फिर से खोलने की घोषणा की है। यह छात्रों के लिए अंतिम अवसर है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस बार अधिकतम तीन कॉलेजों का चयन करते हुए आवेदन और शुल्क जमा किया जा सकेगा। जिन छात्रों ने अब तक ऑनलाइन आवेदन ही नहीं किया है वे निर्धारित तिथि तक पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा जिन्होंने पहले रजिस्ट्रेशन कर लिया था, लेकिन शुल्क जमा नहीं कर पाए थे वे यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉग-इन कर शुल्क जमा कर तीन कालेज चुन सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन कर तीन कॉलेजों का चयन
वहीं, जिन विद्यार्थियों का किसी कारण से नामांकन छूट गया या अब तक किसी मेधा सूची में नाम नहीं आया वे भी इसी तिथि में ऑनलाइन आवेदन कर तीन कॉलेजों का चयन कर सकते हैं।
यदि कॉलेज का चयन नहीं किया तो मेधा सूची में नाम नहीं आएगा। जिन छात्रों का नामांकन किसी त्रुटि के कारण नहीं हो पाया है, वे भी पोर्टल पर त्रुटि सुधार कर तीन कालेज चुन सकते हैं।
विषय बदलने का भी है विकल्प
जिन छात्रों का नामांकन छूट गया है और वे अपना मेजर विषय बदलना चाहते हैं, उनके लिए भी 15 से 18 जुलाई तक मौका दिया गया है। ऐसे छात्र पुराने विषय के अलावा एक नया विषय जोड़कर दोनों विषयों में तीन कॉलेजों का चयन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे विषय और महाविद्यालय में सीट की उपलब्धता देखकर ही विकल्प भरेंगे। विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो. राजीव रंजन ने बताया कि है कि यूजी सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए यह अंतिम मौका होगा। इसके बाद कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
