गैर-कोरोना मरीजों के लिए इमरजेंसी सेवाएं शुरू

भोपाल
राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में गैर कोरोना मरीजों को इलाज की सुविधा करीब दो महीने बाद फिर से शुरू कर दी गई है। मरीजों के लिए इमरजेंसी सेवाएं शुरू होने के कारण आज सुबह से एम्स परिसर में मरीजों की तादाद देखी गई।

 मरीज और उनके परिजन सुबह से ही एम्स पहुंच गए। वहीं, अगले हफ्ते से नॉन कोविड ओपीडी शुरू करने की तैयारी है। गौरतलब है कि एम्स भोपाल के डायरेक्टर ने इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले निर्देश के बाद आदेश जारी किए थे। एम्स भोपाल में
ओपीडी, गैर कोरोना मरीजों की सर्जरी, फिजियोथेरेपी आदि सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी।

एम्स प्रबंधन के अनुसार अभी एम्स में करीब 45 मरीज ब्लैक फंगस और 120 मरीज कोरोना पॉजीटिव भर्ती हैं। यहां पर नए मरीजों को भर्ती करने का काम जारी रहेगा। इन मरीजों के इलाज का जिम्मा अभी ईएनटी, डेंटल, मेडिसन और रेस्पिरेटरी विभाग का है। यही कारण है कि अभी इन विभागों में रुटीन ओपीडी शुरू नहीं होगी। वहीं, जिन गंभीर मरीजों के आॅपरेशन होने हैं, उनके कोविड टेस्ट जरूरी है।

अधिकारियों का कहना है कि आॅनलाइन और आॅफलाइन दोनों तरह से कम लोगों को ही टोकन दिए जाएंगे, जिससे ज्यादा भीड़ ना हो और संक्रमण का खतरा भी ना हो। गौरतलब है कि अप्रैल में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद से पहले सर्जरी बंद की गई थी। इसके बाद गैर कोरोना मरीजों की ओपीडी भी बंद कर दी गई थी। कोरोना संक्रमण के पहले तक यहां हर दिन करीब 4000 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *