दिल्ली में अगले सप्ताह उपलब्ध हो सकता है स्पूतनिक V टीका 

 
नई दिल्‍ली

राजधानी दिल्‍ली कोरोना से जंग जीतती नजर आ रही है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्‍या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्‍ली वालों के लिए अब राहत की खबर ये है कि दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में अगले सप्ताह से रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन उपलब्ध हो सकती है। सूत्रों ने बताया कि अस्पताल में वैक्सीन रोलआउट कार्यक्रम टीके की खेप प्राप्त होने के आधार पर शुरू होगा। सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए स्पूतनिक वी टीके की कीमत 1145 रुपये निर्धारित की है।
 
आपको बता दें कि स्पुतनिक वी वैक्सीन को भारत के ड्रग्स कंट्रोलर जनरल द्वारा इमरजेंसी प्रयोग के लिए अनुमति दिया गया था उसके बाद यह कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कोविशील्ड और स्वदेशी कोवैक्सिन में शामिल हो गया। इस टीके की पहली खुराक पिछले महीने हैदराबाद में दी गई थी। रूस के गामालेया नेशनल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी द्वारा विकसित वैक्सीन को 91.6 प्रतिशत प्रभावी बताया गया है जो भारत में उपलब्ध कोरोना टीकों में सबसे अधिक है।

अपोलो अस्पताल और डॉ. रेड्डी लैबोरेटरीज ने 17 मई को हैदराबाद में और 18 मई को विशाखापत्तनम में स्पुतनिक वी रोलआउट के पहले चरण की शुरुआत की थी। यह टीका हैदराबाद जोन के लगभग सभी अस्‍पतालों में उपलब्ध है। केंद्र सरकार द्वारा जारी मूल्य निर्धारण कार्यक्रम के अनुसार निजी अस्पतालों में टीके की एक खुराक की कीमत 1,145 रुपये होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *