अगले महीने से दरभंगा से दुबई के लिए फ्लाइट सेवा शुरू

पटना
पूर्वी और उत्तरी बिहार से दुबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दरभंगा एयरपोर्ट से दुबई के लिए फ्लाइट शुरू होने जा रही है। जुलाई से स्पाइसजेट और इंडिगो एयरलाइंस दुबई के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का फैसला किया। स्पाइस जेट तीन जुलाई से वाया मुंबई फ्लाइट सेवा का संचालन शुरू कर रहा है। वहीं इंडिगो एयरलाइंस पांच जुलाई से हैदराबाद होते हुए फ्लाइट सेवा शुरू करेगी।

दरभंगा से दुबई जाने वाले यात्रियों को स्पाइस जेट में 12,584 रुपये खर्च करने होंगे। स्पाइस जेट की पहली उड़ान तीन जुलाई को दोपहर ढाई बजे रवाना होगी, ये सीधे मुंबई जाएगी फिर वहां से रात 11:30 बजे दुबई के लिए फ्लाइट मिलेगी। जो करीब दो घंटे बाद रात के डेढ़ बजे दुबई पहुंचेगी। अहमदाबाद और दिल्ली होते हुए भी यात्री दुबई जा सकते हैं, हालांकि, इसके लिए किराया ज्यादा देना होगा।

वहीं इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट दुबई के लिए 5 जुलाई से शुरू होगी। इसका किराया 14,142 रुपये रखा गया है। दरभंगा से हैदराबाद के लिए 5 जुलाई को पहली फ्लाइट दोपहर 12:45 बजे उड़ान भरेगा और दो घंटे बाद यानी दोपहर 2:45 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। फिर अगले छह जुलाई की दोपहर 1:55 बजे दूसरे विमान से यात्री शाम करीब 4:30 बजे दुबई पहुंचेंगे। बता दें कि 5 जुलाई से इंडिगो एयरलाइन्स दरभंगा एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन भी शुरू कर रहा है। इंडिगो की फ्लाइट दरभंगा से हैदराबाद और दरभंगा से कोलकता के लिए उड़ान भरेंगी।

पिछले साल 8 नवंबर को दरभंगा एयरपोर्ट से विमान सेवाओं का संचालन
गौरतलब है कि बिहार के दरभंगा हवाईअड्डा से पिछले साल आठ नवंबर को विमान सेवा का संचालन शुरू हुआ था। पहले दिन यहां से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए सेवा शुरू की गई थी। मार्च 2021 से दरभंगा से कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए फ्लाइट ने उड़ान भरना शुरू किया। वहीं कोरोना संकट में दरभंगा एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *