गाय चोर होने के शक में 28 वर्षीय शख्स को भीड़ ने पीट-पीटकर मारा 

तिनसुकिया 

तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक देबोजीत देउरी ने बताया कि जिले के बागजान पुलिस थाने के अंतर्गत कोरजोंगा बोरपाथर गांव में शनिवार देर रात यह घटना उस वक्त हुई जब दोनों को एक घर में गाय को रखने के लिए बनाए गए शेड के पास पाया गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया है, जो मामले की जांच करेगा। विशेष जांच दल ने इस मामले में गांव के 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

 
देउरी ने बताया कि पीड़ित की पहचान सरत मोरान (28) के रूप में की गई है, जो नंबर 1 कोरदोईगुड़ी गांव का रहने वाला था। ग्रामीणों के अनुसार घर के मालिक ने दो लोगों को उसके गाय को रखने के लिए बनाए गए शेड के पास देर रात करीब डेढ़ बजे देखा और शोर मचाया। उन्होंने बताया कि इसके बाद लोग मौके पर जमा हो गए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस को इस घटना की सूचना सुबह करीब साढ़े चार बजे मिली। पुलिस इसके बाद उस व्यक्ति को डूमडूमा सरकारी अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *