मानसूनी हवाओं ने दिल्ली को दिलाई गर्मी से राहत 

 नई दिल्ली 
मानसूनी हवाओं ने राजधानी का मौसम बदल दिया है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया। बीते सात सालों में 12 जून को सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले छह दिनों के बीच तेज हवा और हल्की बरसात का बीच-बीच में क्रम चलता रहेगा।
 
दिल्ली के लोगों को तेज तपिश भरी गर्मी से खासी राहत मिली है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार की सुबह तेज चमकदार सूरज निकला। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। लेकिन, हवा की दिशा सुबह से दक्षिण पूर्वी तरफ से रही। इस हवा के साथ ही नमी भी दिल्ली की तरफ आ रही है। इसके चलते तापमान में तेजी से इजाफा नहीं हुआ। बल्कि, ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहाना बना रहा। 

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि इस सीजन का सामान्य तापमान है। आमतौर पर जून के इस समय में तापमान चालीस डिग्री के आसपास रहा है। शनिवार के दिन के लिए यह बीते सात सालों में सबसे कम तापमान है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *