महाराष्ट्र में इस फॉर्मूले पर बन सकती है भाजपा-शिवसेना की सरकार: केंद्रीय मंत्री

मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद शुरू हुए कयासों के दौर को केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले के एक बयान से और हवा मिल गई है। रामदास आठवले ने शुक्रवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में पूर्व सहयोगी भाजपा और शिवसेना सहित अन्य दलों की 'महायुति' (महागठबंधन) सरकार बनाई जा सकती है। आठवले ने कहा कि इस महायुति में मुख्यमंत्री पद को आधे-आधे कार्यकाल के लिए शिवसेना के साथ बांटा जा सकता है। अपने बयान में रामदास आठवले ने कहा, 'इस मुद्दे को लेकर मैंने भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की है और जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में भी इस मामले पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा मराठा आरक्षण और चक्रवात तौकते के बाद महाराष्ट्र में राहत उपायों के मुद्दों पर भी पीएम मोदी के साथ चर्चा की जाएगी।'

 'भाजपा-शिवसेना के बीच गठबंधन का यही सही वक्त'
आपको बता दें कि अभी हाल ही में महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। हालांकि उद्धव ठाकरने ने बताया कि उनकी मुलाकात मराठा आरक्षण सहित राज्य के कुछ अन्य मुद्दों को लेकर थी। इस मुलाकात के बाद शिवसेना सांसद उद्धव ठाकरे की तरफ से की गई प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ का जिक्र करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि भाजपा और शिवसेना के बीच गठबंधन सरकार बनाने का यही सही वक्त है। साथ ही रामदास आठवले ने यह भी कहा कि नवी मुंबई हवाई अड्डे का नाम दिवंगत किसान नेता डीबी पाटिल के नाम पर रखा जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत काम किया। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि महाराष्ट्र में हर चीज का नाम शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के नाम पर रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *