21 करोड़ से अधिक की लागत से अनूपपुर में होगा नये स्कूल भवन और कक्षों का निर्माण-खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह

 भोपाल

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने बताया कि अनूपपुर जिले में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के तीन नये भवनों और पुराने स्कूल भवनों में 10-10 नये कक्षों का निर्माण किया जायेगा। इन निर्माण कार्यों के लिए 21 करोड़ 26 लाख 16 हजार रुपये जनजातीय विभाग द्वारा स्वीकृत किये गये हैं।

मंत्री सिंह ने कहा कि उनके गृह जिले अनूपपुर के ग्राम बम्हनी, जमुना कालरी और बेनीवारी में 10 करोड़ 13 लाख 82 हजार रुपये की लागत से तीन नये उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिये भवनों का निर्माण किया जायेगा। इसके साथ ही ग्राम खूंटाटोला, वैकटनगर, बेलडोगरी, लखारा, इटौर और मदेहड़ी के पुराने स्कूल भवनों में 10-10 नये अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जायेगा। इन कक्षों के निर्माण पर 11 करोड़ 12 लाख 34 हजार रुपये व्यय होंगे।

खाद्य मंत्री सिंह ने बताया कि इन ग्रामों में स्कूल भवन उपलब्ध न होने के कारण बच्चों को अन्यत्र गांव और जिलों में जाना पड़ता था। इसके साथ ही कुछ ग्रामों के पुराने स्कूलों में पर्याप्त कक्ष न होने के कारण भी छात्र-छात्राओं को अध्ययन में काफी कठिनाई आती थी। इन निर्माण कार्यों से गांव के बच्चे अब शिक्षा के लिये यहाँ वहाँ नहीं भटकेंगें। उन्हें एक ही स्थान पर शिक्षा का उचित माहौल प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *