लोगों को अब मिलने वाली है ऑनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा

 

रायपुर. जल्द ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सभी घरों को यूनिक आईडी नंबर दिया जाएगा और लोगों को टैक्स जमा करने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. रायपुर नगर निगम द्वारा बुधवार को हुई एमआईसी की बैठक में ये प्रस्ताव पास किया गया है. इसमें नगर निगम द्वारा लोगों के घरों से जानकारी जुटायी जाएगी कि उनके मकान कितने एरिया में बनाया गया है, कितने कमरे हैं, मकान कच्चा है या पक्का और वर्तमान के साथ बीते वर्ष के टैक्स की जानकारी जुटाकर पूरा ब्योरा ऑनलाइन फीड किया जाएगा और घरों को यूनिक आईडी दी जाएगी.

रायपुर महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि मकान की यूनिक आईडी मिलने से लोग ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकेंगे. मकान की जानकारी देने के लिए बकायदा सभी को एक फॉर्म दिया जाएगा जिसमें सारा ब्यौरा लिया जाएगा. नगर निगम ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और एमआईसी में प्रस्ताव पास होने के बाद अब निगम की टीम जल्द ही फार्म बांटने का काम भी शुरू करेगी.

निगम से मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी में करीब सवा तीन लाख घर है जिनमें से 50 हजार मकानों के मालिक टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं. ऐसे लोगों से टैक्स वसूली भी की जाएगी. नगर निगम द्वारा ली जाने वाली जानकारी और प्रक्रिया से अगर किसी को कोई दिक्कत है तो वो इसकी शिकाय भी नगर निगम में कर सकते हैं.

महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि टैक्स का भुगतान ऑनलाइन किया जा सके इसलिए निगम द्वारा एक एप भी तैयार किया जा रहा है जिसमें एक निजी बैंक की मदद ली जा रही है. इस एप के जरिए लोग घर बैठे टैक्स का भुगतान कर सकेंगे. क्योंकि ये पूरा मसला राजस्व वसूली से जुड़ा हुआ है इसलिए प्रक्रिया में सुधार के लिए नये सिरे से सारी जानकारी जुटायी जा रही है ताकि निगम को आने वाले समय में ज्यादा राजस्व मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *