कृषि मंत्री पटेल ने प्रधानमंत्री और केन्द्रीय कृषि मंत्री का माना आभार

 भोपाल

 किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने  केन्द्र सरकार द्वारा किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बढ़ोत्तरी की सौगात देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का मध्यप्रदेश के किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया है कि किसान हितैषी मोदी सरकार ने  कैबिनेट की बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 की खरीफ फसलों पर  50 से लेकर  85% तक  न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने का  फैसला  लेकर  किसानों को बहुत बड़ी सौगात दी है।

मंत्री पटेल ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2021-22  के लिए  न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने के लिए आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने  मंजूरी प्रदान कर दी है। कैबिनेट की बैठक में  कपास, रामतिल, तिल, सोयाबीन, सूरजमुखी, मूंगफली, मूंग, रागी, ज्वार और सामान्य धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य में 50% की बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार ज्वार (मालदंडी) पर 51%,  धान (ग्रेड ए) पर 52% , तुअर पर  62% और बाजरा पर  न्यूनतम समर्थन मूल्य में 85% तक की वृद्धि की गई है।

  मंत्री पटेल ने बताया कि तुअर और उड़द के समर्थन मूल्य में  300-300 रूपए की बढ़ोत्तरी की गई है। मूंगफली के समर्थन मूल्य  पर 275 रुपए, तिल पर 452 रुपए, बाजरा पर 100 रुपए, कपास पर 211 रूपए समर्थन मूल्य बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

मंत्री पटेल ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में मूंग का अब 7196 के स्थान पर 7275 रुपए में उपार्जन किया जाएगा। इसी प्रकार उड़द और तुअर 6000 रुपए के स्थान पर 6300 रुपए में खरीदी जाएगी। मूंगफली तो 5275 रुपए के स्थान पर  5550 रूपए में खरीदी जाएगी। केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए इस फैसले पर मंत्री पटेल ने प्रदेश के किसानों को बधाई भी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *