50 हजार शिक्षकों को नहीं मिलेगा समूह बीमा योजना का लाभ

भोपाल
तीन साल पहले अध्यापक संवर्ग का राज्य शिक्षा सेवा कैडर में संविलियन किया गया, लेकिन अब तक करीब 50 हजार शिक्षकों के एम्प्लॉय कोड जारी नहीं किए गए। इसमें करीब 30 हजार का तो अब तक संविलियन ही नहीं नहीं हो पाया। अब ऐसे में वे शासकीय सुविधाओं से वंचित हैं।

एक जुलाई 2018 में अध्यापक संवर्ग का राज्य शिक्षा सेवा कैडर में संविलियन किया गया। इसमें दो लाख 37 हजार अध्यापकों में से अब तक करीब 50 हजार शिक्षकों को एम्पलॉय कोड अब तक स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी नहीं किया। इससे शिक्षकों को समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है। साथ ही उन्हें कोरोना काल में समूह बीमा योजना का लाभ भी नहीं मिलेगा, क्योंकि बीमा के लिए उनके वेतन से राशि नहीं काटी जा रही है।

कोरोना के कारण प्रदेश के करीब 350 शिक्षकों की कोरोना से मौत हुई। इनमें से करीब 100 शिक्षकों के समूह बीमा योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। अध्यापक संगठनों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शिक्षकों का एम्प्लॉय कोड जल्द जारी किया जाए और संविलियन की प्रक्रिया पूरी की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *