देश में 63 दिनों में पहली बार एक लाख से नीचे आए कोरोना के नए केस 

 नई दिल्ली 
भारत में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना वायरस के एक लाख से भी कम नए मामले दर्ज किए गए हैं। 63 दिनों के बाद भारत में पहली बार कोरोना के एक लाख से कम मामले दर्ज हुए हैं। वहीं, 66 दिनों बाद कोरोना के इतने कम मामले आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में एक दिन के अंदर कोरोना वायरस के 86,498 नए मामले आए हैं। राहत भरी बात यह है कि इस अवधि में मौतों के आंकड़े में भी गिरावट देखने को मिली है। पिछले 24 घंटे में देश में 2123 मरीजों ने इस संक्रमण के कारण दम तोड़ा। 

देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या भी घटकर 13 लाख 3 हजार 702 हो गई है। पिछले 24 घंटे के अंदर 97 हजार 907 एक्टिव मामले घटे हैं। एक दिन के अंदर देश में 1 लाख 82 हजार 282 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। यह लगातार 26वां दिन है जब दैनिक मामलों से ज्यादा संख्या कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की है।देश में कोरोना से ठीक होने की दर में भी बढ़ोतरी हो रही है और यह अब 94.29 फीसदी पर पहुंच गई है। वहीं, साप्ताहित संक्रमण दर गिरकर 5.94 फीसदी पर आ गया है। भारत में लगातार 15 दिनों से दैनिक संक्रमण दर 10 फीसदी से नीचे है और बीते दिन में भी यह 4.62 प्रतिशत रहा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *