इंस्पेक्टर से बोला दारोगा, सर अब मेरी शादी करा दीजिए 

कानपुर 
दो साल तक अफेयर करने के बाद यूपी पुलिस के एसआई ने महिला दारोगा से शादी करने से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट की। यह पूरी घटना कानपुर के घाटमपुर कोतवाली के ठीक सामने बने सब इंस्पेक्टरों के आवास में हुई। महिला दारोगा के साथ अभद्रता करने वाले उसके प्रेमी दारोगा ने कुछ घण्टे में ही अपने तेवर बदल लिए। अब वह अधिकारियों से गुहार लगा रहा है कि उसकी शादी करा दी जाए। फिलहाल अधिकारियों ने घाटमपुर इंस्पेक्टर से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है।

रविवार को घाटमपुर कोतवाली में प्रेम प्रसंग का एक मामला चर्चा में रहा था। कोतवाली में तैनात एसआई के कानपुर के एक थाने में तैनात दारोगा से दो साल से प्रेम संबंध थे। महिला दारोगा ने जब प्रेमी से विवाह का प्रस्ताव रखा तो उनसे इनकार कर दिया। रविवार को महिल दारोगा घाटमपुर स्थित दारोगा के आवास आ गयी तो उसके साथ मारपीट की गयी लेकिन विभागीय होने के कारण मामले को निपटाने की कोशिश होती रही। बाद में महिला दारोगा ने प्रेमी के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही और वह लौट गई। अधिकारी भी कुछ कहने से बचते रहे, लेकिन हिन्दुस्तान ने मुद्दे को उठाया तो अधिकारियों ने संज्ञान लिया। इंस्पेक्टर धनेश प्रसाद कहते हैं कि दारोगा से पूछताछ में उसने कहा है कि वह महिला दारोगा से शादी करने को तैयार है लेकिन वह पूरे प्रकरण को उच्चाधिकारियों से अवगत कराएंगे, अगर महिला दारोगा कोई कार्रवाई चाहती तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

कल्याणपुर में तैनाती के दौरान हुए थे प्रेम-संबंध
घाटमपुर कोतवाली में तैनात दारोगा व कानपुर में तैनात महिला दारोगा के बीच प्रेम संबंध कल्याणपुर थाने में तैनाती के दौरान हुए थे। दोनों यहां ट्रेनी थे। बताया गया कि महिला दारोगा झांसी जिले की निवासी है जबकि उसका प्रेमी एटा जिले का रहने वाला है। मामले में खुद को बचाने के लिए दारोगा पूरी ताकत व संबंधों का इस्तेमाल कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *